सर्पदंश से बालक की मौत
संदना(सीतापुर)। ननिहाल को गए एक बालक को रविवार को सांप ने डस लिया। वह किराने की दुकान पर सामान ले गया था। परिवारीजनों ने पहले तो झाड-फूंक में समय गवां दिया। बाद में नाजुक हालत देख उसे सिधौली निजी चिकित्सालय ले गए, जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
संदना थाना इलाके के कुचलाई निवासी प्रियांशु(9) चार दिन पहले कमलापुर थाना इलाके के गांव करौंदी निवासी नाना रघुराज के यहां ननिहाल आया था। प्रियांशु गांव में किराने की दुकान पर कुछ सामान लेने के लिए गया था, जहां उसे सांप ने काट लिया। घर पहुंचकर उसने परिवारवालों को घटना की जानकारी दी। बताते हैं कि परिवारीजन पास के गांव गवहैया में झाड-फूंक करवाया, जहां पर सामान्य स्थिति देख प्रियांशु को उसका पिता अपने गांव कुचलाई ले आया था। यहां पर कुछ घंटे बाद उसकी हालत गंभीर हो गई। नाजुक हालत देखकर परिवारीजन बालक प्रियांशु को आनन-फानन सिधौली में डॉक्टर केपीएस पवार के यहां दिखाया, जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।