खैराबाद (सीतापुर)। नगर पालिका क्षेत्र में 1.68 करोड़ से गोशाला का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें 300 गोवंश संरक्षित किए जा सकेंगे। गोशाला बनने से नगर में बेसहारा घूम रहे गोवंशों को आसरा मिलेगा।
नगर क्षेत्र में अभी एक ही गोशाला है। इसमें क्षमता से अधिक गोवंश हैं। इसके अलावा कई मवेशी छुट्टा घूम रहे हैं। छुट्टा गोवंश किसानों की फसलों काे नुकसान पहुंचाते हैं। समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका की ओर से एक अन्य गोशाला के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। शासन से मंजूरी मिलने के बाद बाराभारी में मोतीझील मार्ग पर गोशाला का निर्माण शुरू करा दिया गया है।
1.68 करोड़ रुपये की लागत वाली इस गोशाला में केयर टेकर रूम, दो टिन शेड, चिकित्सक कक्ष, भंडारण कक्ष के अलावा पेयजल व्यवस्था होगी। इसमें 300 गोवंशों को संरक्षित किया जा सकेगा। अधिशासी अधिकारी प्रेमशंकर गुप्ता ने बताया कि इस गोशाला निर्माण के बाद नगर क्षेत्र में छुट्टा मवेशियों की समस्या का समाधान होगा। गोशाला का निर्माण जल्द पूरा कराए जाने का प्रयास है।