मॉडल सिटी के तहत शहर में होने वाले विकास कार्यों की नींव बुधवार को रख दी गई। लालबाग चौराहे पर आयोजित समारोह में डीएम अमृत त्रिपाठी, एमएलसी आनंद भदौरिया व विधायक राधेश्याम जायसवाल ने नारियल फोड़कर इसका शुभारंभ किया।
डीएम ने कहा कि मॉडल सिटी के तहत प्रथम चरण में शहर के आधा दर्जन चौराहों को विकसित किया जाएगा। इसके बाद अन्य विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। शहर विकास को लेकर 350 करोड़ की डीपीआर शासन को भेजी गई थी। इसको मंजूरी मिल गई है। पहले चरण में 15 करोड़ के बजट को वित्तीय स्वीकृत प्राप्त हुई है।
चौराहों के सौंदर्यीकरण के साथ पूरा शहर एलईडी लाइटों से लैस जगमग होगा। वहीं प्रमुख मार्गों को चौड़ाकर उन्हें विकसित किया जाएगा। ‘क्लीन स्कूल ग्रीन स्कूल’ योजना में शहर के जीआईसी कॉलेज को लिया गया है। यहां पर 50 लाख से कॉलेज में सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।
साथ ही अमृत योजना के तहत शहर में पेयजल, पार्क व सीवर लाइन पर कार्य शुरू होने जा रहा है। एमएलसी आनंद भदौरिया ने कहा कि हम शिलांयास नहीं उद्घाटन पर विश्वास रखते हैं। इसलिए आज शिलांयास का कोई पत्थर नहीं लग रहा है। 15 सितंबर तक चौराहों के सौंदर्यीकरण का काम पूरा होने के बाद उद्घाटन किया जाएगा। विधायक राधेश्याम जायसवाल ने कहा कि शहर का चहुंमुखी विकास शासन-प्रशासन की प्राथमिकता है। जिस पर तेजी के साथ कार्य किया जा रहा है।