रामपुर मथुरा (सीतापुर)। गिरिजापुरी के बैराजों से बृहस्पतिवार को 2.83 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे तराई क्षेत्र के बाशिंदों की धड़कनें बढ़ गई हैं। हालांकि, अभी सरयू का जलस्तर 117.30 मीटर पर ही स्थिर रहा, लेकिन इसके बढ़ने की आशंका है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश और बैराजों से छोड़े गए पानी से नदियां कभी भी उफना सकती हैं। फिलहाल तो ग्रामीणों के सामने बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है, लेकिन बुधवार रात से रुक-रुककर होने वाली बारिश तथा बैराजों से लगातार छोड़े जा रहे पानी से मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इस सीजन में पहली बार 2.83 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
तराई क्षेत्र के बाशिंदों रामू व अखिलेश आदि का कहना है कि नदी का पानी सुबह से धीरे-धीरे बढ़ रहा है। इससे ग्रामीणों की आशंका बलवती हो रही है। नदी में फिर उफान आने से तटवर्ती शंकरपुरवा, अंगरौरा, अखरी, बाबा कुटी, कनरखी, अटौरा सहित करीब 15 गांवों में बाढ़ का संकट मंडरा सकता है।