सड़क जामकर कुर्सी लगाकर बैठे ग्रामीण।
बेहटा (सीतापुर)। तंबौर इलाके के काशीपुर गांव में मंदिर के करीब संचालित हो रही शराब की दुकान न हटाए जाने पर बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने दुकान पर ताला लगाकर काशीपुर-तंबौर मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचीं एसडीएम ने दुकान हटवाने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि देशी शराब की दुकान मंदिर के बेहद करीब चलाई जा रही है। दुकान हटवाने के लिए ग्रामीणों ने तीन माह पूर्व जिलाधिकारी, आबकारी विभाग, थाना और विधायक से शिकायत की थी। इसके बावजूद समस्या का निराकरण नहीं हुआ। इससे शराबियों के गालीगलौज से लोग परेशान हैं। ग्रामीणों ने आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत की थी, लेकिन जिम्मेदारों ने गलत आख्या लगाकर मामले में लीपापोती कर दी।
समस्या हल न होती देख ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को काशीपुर-तंबौर मार्ग जाम कर दिया और शराब की दुकान में ताला लगा दिया। जानकारी होने पर तंबौर एसओ राकेश सिंह व एसआई श्रीनिवास पांडेय ने वहां पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। विधायक ज्ञान तिवारी को जानकारी हुई तो उन्होंने एसडीएम को अवगत कराया। इसके बाद एसडीएम बिसवां शिखा शुक्ला, तहसीलदार उमाशंकर त्रिपाठी, आबकारी निरीक्षक महेंद्र वर्मा मौके पर पहुंचे।
एसडीएम ने लोगों को दुकान हटवाने का आश्वासन दिया। साथ ही आबकारी निरीक्षक महेंद्र वर्मा को निर्देश दिया कि शराब की दुकान यहां संचालित नहीं होगी। इसको यहां से अन्य क्षेत्र में स्थानांतरित किया जाए। एसडीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद सड़क पर आवागमन बहाल हो सका। इस दौरान संजीव मिश्र, मोहित, कमलाकांत, उमाकांत सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।