शिविर में जांच करते स्वास्थ्यकर्मी।
सीतापुर। बेहटा के सोनसरी गांव में हेपेटाइटिस के 141 मरीज मिलने के बाद अब आस-पड़ोस के गांवों में संक्रमण फैलने की आशंका जताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने गांवों में मरीजों की स्क्रीनिंग करने के लिए अब 2600 किट सीएचसी तंबौर भेजी हैं। 100 मरीजों के लिए अतिरिक्त रूप से दवाओं की डिमांड सीएमओ से की गई है।
सोनसरी गांव में हेपेटाइटिस के मरीज मिलने के बाद गांव के 2614 लोगों की जांच की जा चुकी है। इसमें 141 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। यह संक्रमण कहां-कहां और क्यों फैला, इसकी जांच स्वास्थ्य विभाग की टीम कर रही है।
सोनसरी के आसपड़ोस के करीब पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों के लोगों की भी जांच शुरू कर दी गई है। सीएचसी अधीक्षक तंबौर के अनुरोध पर सीएमओ ने 2600 जांच किट सीएचसी भेजीं हैं। अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि रोजाना शिविर व अन्य आयोजनों के जरिये जांच हो रही है।
हेपेटाइटिस की पुष्टि के लिए जिला अस्पताल में वायरल लोड की जांच करवाई जाती है। हेपेटाइटिस सी के 40 मरीजों का इलाज सीएचसी के माध्यम से चल रहा है। 100 मरीजों के लिए अतिरिक्त रूप से दवाओं की डिमांड सीएमओ से की गई है।
तलाशे नहीं मिल रहे 18 मरीज
हेपेटाइटिस बी के 18 मरीज वायरल लोड की जांच में संक्रमित मिले हैं। इन मरीजों का इलाज जिला अस्पताल के माध्यम से किया जाना है लेकिन ये मरीज तलाशे नहीं मिल रहे हैं। सीएचसी के माध्यम से रोजाना इन मरीजों से संपर्क किया जा रहा है। जिम्मेदार अफसरों ने बताया कि कोई मरीज प्राइवेट में इलाज करा रहा है तो कोई सामने नहीं आना चाहता है। हेपेटाइटिस बी से पीड़ित मरीजों का इलाज जिला अस्पताल के माध्यम से ही होना है।
दो मरीज और मिले
तंबौर। बेहटा क्षेत्र के मुगलपुर गांव में शिविर लगाकर 251 लोगों की जांच की गई। इसमें एक-एक मरीज हेपेटाइटिस बी व सी से संक्रमित मिले हैं। पुष्टि के लिए अब इन मरीजों की वायरल लोड की जांच करवाई जाएगी।
लगातार हो रही हैं जांचें
हेपेटाइटिस के मरीजों को चिह्नित करने के लिए लगातार जांच हो रही हैं। सीएचसी अधीक्षकों की डिमांड पर दवाएं व जांच किट उपलब्ध करवाई जा रही है।
डॉ. सुरेश कुमार, सीएमओ