सीतापुर। त्रिस्तरीय पंचायत के रिक्त पदों पर उपचुनाव में नामांकन के पहले दिन 26 लोगों ने परचे दाखिल किए। तीन प्रधान पदों पर आठ, दो बीडीसी पदों के एक-एक, ग्राम पंचायत सदस्य पद पर 16 नामांकन आए। जिला पंचायत सदस्य के एक पद पर किसी ने भी परचा नहीं भरा। शुक्रवार को दाखिल नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
पंचायत उपचुनाव के लिए गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हुई। प्रधान के तीन, बीडीसी के चार, जिला पंचायत सदस्य के एक एवं सदस्य ग्राम पंचायत के रिक्त 131 पदों के लिए उपचुनाव होगा। राज्य निर्वाचन आयोग से इस संबंध में जारी अधिसूचना के अनुसार डीएम अखिलेश तिवारी ने चुनाव कार्यक्रम जारी किया था। इसके अनुसार 23 व 24 जनवरी को सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकते हैं।
27 जनवरी को सुबह दस बजे से कार्य की समाप्ति तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 28 जनवरी को सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक उम्मीदवारी वापस ली जा सकती है। इस दिन दोपहर तीन बजे से कार्य की समाप्ति तक प्रतीक आवंटन का कार्य होगा। तीन फरवरी को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। पांच फरवरी को सुबह आठ बजे से कार्य की समाप्ति तक मतगणना होगी।
जिला पंचायत सदस्य के लिए नामांकन कलेेक्ट्रेट परिसर स्थित न्यायालय अतिरिक्त मजिस्ट्रेट कक्ष संख्या 22 में होगी। बीडीसी, प्रधान एवं सदस्य ग्राम पंचायत के लिए नामांकन संबधित ब्लाक मुख्यालय पर लिए जा रहे हैं। पहले दिन 26 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं। बीडीसी के दो पदों पर, जिला पंचायत के एक पद एवं 115 सदस्य ग्राम पंचायत के रिक्त पदों पर गुुरुवार को कोई नामांकन नहीं हुआ है।