यह गोदाम सपा नेता के भाई का बताया जा रहा है। यहां से भारी मात्रा में रैपर, होलोग्राम, शीशी व ढक्कन आदि बरामद किया है। गोदाम कोतवाली से महज चंद कदमों की दूरी पर ही था लेकिन टीम ने पुलिस को छापे की भनक नहीं लगने थी।
लखनऊ की टीम के साथ जिले के आबकारी अधिकारी भी कार्रवाई में शामिल थे। माना जा रहा है कि हरियाणा से अवैध रूप से तस्करी कर लाई गई इस शराब को यहां से पूरे जिले में ब्रांड बदलकर सप्लाई किया जाता था।
छापे के दौरान पड़ोस के दीप होटल व अन्य प्रतिष्ठानों पर मौजूद लोग भाग निकले। उप आबकारी आयुक्त ने कहा कि मामले में भू-स्वामी, किराएदार व डिस्लरी के खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा।
सिधौली से सटे अहमदपुर जट निवासी पूर्व सपा जिला सचिव हसीन खां का यहीं पर हाईवे पर दीप होटल है। होटल परिसर में ही उनके भाई मो. हारून खा का अहाता व गोदाम है। यहां इन लोगों के अन्य प्रतिष्ठान भी हैं।
कोतवाली से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित इस गोदाम में गुरुवार दोपहर लखनऊ के उप आबकारी आयुक्त एसपी रावत के नेतृत्व में जिला आबकारी प्रभारी संजय मिश्रा, लखनऊ के आबकारी इंस्पेक्टर नरेंद्र नाथ व अखिलेश्वर नाथ, सिधौली के आबकारी इंस्पेक्टर सुमेश कुमार ने छापा मारा।
बकौल आबकारी उपायुक्त यहां से हरियाणा के अंबाला की लगभग 700 पेटी देशी शराब बरामद की गई। साथ ही भारी मात्रा में रैपर, होलोग्राम, ढक्कन, खाली शीशी मिली। बरामद शराब की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। आबकारी टीम के मुताबिक बरामद शराब ओसिक कंपनी की है।
छापेमारी के बाद वहां कोतवाली पुलिस व क्राइम ब्रांच टीम भी पहुंची थी। माना जा रहा है कि हरियाणा की इस शराब को गोदाम पर लाकर डंप किया जाता था। यहां शराब के रैपर आदि बदल कर जिले में अवैध रूप से इसकी सप्लाई की जाती थी। गोदाम मालिक हारून का दावा है कि इस गोदाम को उसने किराए पर दिया था।
आबकारी उपायुक्त का कहना है कि मामले में भू-स्वामी, किराएदार व डिस्लरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक आबकारी टीम पड़ताल में जुटी रही।