विकास खंड पहला के गांव चकला मजरे सलोना बीबीपुर में डायरिया से दो दर्जन लोग बीमार हैं। एक को गंभीर हालत में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। जबकि एक बालिका का सीएचसी पहला में इलाज चल रहा है।
उधर, सूचना पर चिकित्सकों की टीम ने गांव पहुंचकर उल्टी-दस्त से पीड़ित मरीजाें का परीक्षण कर दवाएं वितरित कीं। चकला गांव में पिछले करीब तीन दिन से उल्टी, दस्त व बुखार से दर्जन भर से अधिक लोग बीमार हैं। उल्टी-दस्त से पीड़ित यहां के निवासी रामनाथ (65) को गुरुवार शाम इलाज के लिए सीएचसी पहला लाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से बीमार रामनाथ को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
शुक्रवार को उल्टी-दस्त से पीड़ित नेहा (30) को सीएचसी पहला लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। एक ही गांव में डायरिया के मरीज आने की जानकारी पर सीएचसी की स्वास्थ्य टीम के डॉ. इरफान अहमद, फार्मासिस्ट सरोज कुमार, एमपीडब्ल्यू रोहित गुप्त, संगिनी पुष्पा देवी, आशाबहू शैलकुमारी आदि ने गांव पहुंचकर 20 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें ओआरएस, जिंक व अन्य आवश्यक दवाएं वितरित कीं।