सीतापुर। जिले के सभी सीएचसी व पीएचसी पर प्रसव की सुविधा मुहैया हो गई है। इसके तहत 84 स्वास्थ्य केंद्रों पर महिलाओं को अब 24 घंटे प्रसव की सुविधा मिलेगी। इन सभी केंद्रों पर चिकित्सकों व स्टाफ नर्स की तैनाती भी कर दी गई है। केंद्रों पर सुविधा शुरू होने के बाद जिलाधिकारी ने सभी सीएचसी अधीक्षकों को अधिक से अधिक संख्या में संस्थागत प्रसव कराने के लिए निर्देशित किया है।
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने सोमवार देर शाम स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में मौजूद सीएमओ सुखरंजन समद्दर ने बताया कि सभी 72 पीएचसी व 22 सीएचसी पर प्रसव की सुविधा शुरू हो गई है। पहले कुछ जगहों पर स्टाफ नर्स की तैनाती नहीं थी। अब यह कमी भी पूरी हो गई है। यहां पर शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है। 24 घंटे व सातों दिन केंद्र प्रसव के लिए संचालित रहेंगे। जिलाधिकारी ने सीएमओ को निर्देश दिए कि वह प्रत्येक सप्ताह इसकी समीक्षा करें। केंद्र पर कम प्रसव हो रहे हैं तो वहां की कमियों को देखते हुए उसे दूर कराया जाए।