पंचायत चुुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रधान व सदस्यों को शपथ दिलाने की तैयारी प्रशासन ने कर ली है। जिले के सभी विकास खंडों में 20 दिसंबर को एक साथ शपथ ग्रहण समारोह किया जाएगा।
डीपीआरओ रवीन्द्र राय ने बताया कि पंचायतों के गठन की अधिसूचना शुक्रवार की देर शाम जारी कर दी गई है। जिले में 1600 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें से चार ग्राम पंचायतों को छोड़कर शेष 1596 में चुनाव प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
शासन के निर्देश पर 20 दिसंबर को सभी ब्लॉकों में नवनिर्वाचित प्रधान व सदस्यों को शपथ दिलाई जानी है। शपथ ग्रहण के लिए अफसरों को नामित करने के साथ ही प्रशासन ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
डीपीआरओ ने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों में प्रधान व दो तिहाई सदस्यों का निर्वाचन हुआ है, उन्हीं ग्राम पंचायतों के गठन की अधिसूचना जारी किए जाने के निर्देश शासन से प्राप्त हुए हैं। जिले में 236 ग्राम पंचायतों में दो तिहाई सदस्य निर्वाचित न होने की वजह से इनकी अधिसूचना जारी नहीं की जा सकी है।
इन ग्राम पंचायतों के नव निर्वाचित प्रधान व सदस्यों को शपथ भी नहीं दिलाई जाएगी। उपचुनाव के बाद कोरम पूरा होने की दशा में ही इन ग्राम पंचायतों का गठन हो सकेगा।