सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बीएस-3 मानक वाले वाहनों की बिक्री पर रोक लगते ही बाइक कंपनियों ने गाड़ियों पर बंपर छूट दे दी। इससे बाइक के शोरूम पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालत यह थे कि दोपहर में ही पूरा स्टॉक खाली हो गया। दो दिन में जिले में करीब 2225 बाइकें बिक गईं। हालांकि आरटीओ कार्यालय में रात 12 बजे तक फीडिंग का काम चलेगा। ऐसे में ये आंकड़ा बढ़ सकता है।
गुरुवार को बाइक बाजार में हलचल थी। हीरो कंपनी ने अपने वाहनों पर 12,500 रुपये की छूट दे रखी थी। जबकि होंडा समेत अन्य मोटर व स्कूटर कंपनियां 10 से 15 हजार रुपये तक की छूट दे रही थीं।
सुबह अखबारों में वाहनों पर छूट का विज्ञापन देखकर लोगों ने एजेंसियों की तरफ रुख किया। देखते ही देखते सुबह 11 बजे तक जिले की लगभग हर एजेंसियों में मौजूद सभी वाहन बिक गए और ताला लटकने लगा। वाहन खरीदने वालों की भीड़ एजेंसियों के सामने उमड़ रही थी, जबकि एजेंसियों में वाहन बचे ही नहीं थे। जिले में लगभग हर एजेंसी में ऐसा ही हाल था।