सीतापुर। रामपुर मथुरा विकासखंड के भिखारी पुरवा में रविवार को चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों ने शौचालय, आवास, राशन कार्ड, बिजली व स्वास्थ्य सहित जनहित की अनेक समस्याएं क्षेत्रीय विधायक के समक्ष रखीं। ग्रामीणों ने विधायक को बताया की बांसुरा ग्रामसभा में बनाए जा रहे शौचालय मानक विहीन हैं। कहा कि लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी नहीं दी जा रही है। इसकी शिकायत ब्लॉक स्तरीय अफसरों से किए जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने बताया शौचालय हम लोग खुद बनवाना चाहते हैं लेकिन पंचायत मित्र व प्रधान ठेकेदारी प्रथा के आधार पर गुणवत्ताविहीन शौचालय बनवा रहे हैं। इसके साथ ही ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास व खाद्य सुरक्षा कानून में भ्रष्टाचार के कई गंभीर आरोप भी लगाए।
विधायक ज्ञान तिवारी ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खंड विकास अधिकारी हनुमान प्रसाद मिश्रा को जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि जो लाभार्थी शौचालय स्वयं बनाना चाहते हैं, उनके खाते में रकम देकर उनको शौचालय निर्माण के लिए प्रेरित किया जाए। विधायक ने कहा वह इन सभी मामलों की शिकायत शासन स्तर पर भी करेंगे ताकि क्षेत्र के लोगों को शासन की योजनाओं का सही तरीके से लाभ मिल सके।
चौपाल में ग्रामीणों ने बताया कि कई माह पहले आंधी आने से बासुरा व भिखारीपुरवा के बीच पचास से ज्यादा बिजली के पोल धराशायी हो गए थे। आज तक पोल दुरुस्त नहीं कराए गए। इससे कई गांवों की बिजली आपूर्ति ठप है। विधायक ने अधिशासी अभियंता के मोबाइल पर संपर्क कर प्रभावित गांवों की बिजली आपूर्ति जल्द बहाल कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर ओमप्रकाश मिश्रा, लोकेश मिश्रा, लक्ष्मी मौर्या व मनोज सिंह सहित क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।
बाढ़ पीड़ितों को बांटी खाद्य सामग्री
सेवता विधायक ज्ञान तिवारी ने रविवार को रामपुर मथुरा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दो सौ बाढ़ पीड़ित परिवारों को खाद्य सामग्री मुहैया कराई। उन्होंने कहा कि भागवतपुरवा सहित बाढ़ प्रभावित गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थान पर बसाने के लिए तहसील के अधिकारियों से भूमि चिह्नित करने को कहा गया है। बाढ़ पीड़ितों ने शौचालय, आवास, पेयजल व सोलर लाइट की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। इस पर विधायक ने तहसील प्रशासन को उक्त सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।