मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की बोर्ड परीक्षा तैयारियों की समीक्षा
सीतापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। जिलाधिकारी को नकलविहीन व शांतिपूर्ण परीक्षा कराए जाने की सख्त हिदायत दी।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी डॉ. सारिका मोहन को निर्देश दिए कि बालिकाओं की तलाशी केवल महिला शिक्षिका द्वारा ही ली जाए। इसमें किसी भी पुरुष शिक्षक को न लगाया जाए। साथ ही स्कूल के मेनगेट पर ही विद्यार्थियों की तलाशी ले ली जाए।
उनको तलाशी के नाम पर बार-बार डिस्टर्ब न किया जाए। आंतरिक सचल दल में महिलाएं जरुर शामिल की जाए। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती भी जरुर रहे। जिन केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है।
वहां पर सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित विशेष सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं। परीक्षा के दौरान जनपदीय अधिकारी बराबर इसका निरीक्षण करते रहे। अगर किसी केंद्र पर नकल होते मिले तो उस पर सख्त कार्रवाई करते हुए काली सूची में डाल दिया जाए।
इस कार्य में लगे सभी विभाग बराबर एक दूसरे को सहयोग करते रहे। उन्होंने डीआईओएस से सीसीटीवी कैमरे, कक्ष निरीक्षक, कंट्रोल रुम, डेस्क स्लिप सहित अन्य जानकारी पूछी। जिस पर उन्होंने बताया सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। इस अवसर पर एसपी आनंद कुलकर्णी, डीआईओएस देवकी सिंह, प्रभारी सीएमओ डॉ. पीके सिंह आदि मौजूद रहे।