सीतापुर। जिले के 210 कॉलेजों ने बायोमीट्रिक सत्यापन नहीं करवाया है। इसकी वजह से छात्रवृत्ति योजना के क्रियान्यवन में बाधा आ रही है। डीआईओएस ने इन सभी कॉलेजों को चेतावनी देते हुए दो दिन के अंदर इसे पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
कक्षा 9 व 10 के विद्यार्थियों के लिए पूर्व दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना चल रही है। इसी तरह 11 व 12 के लिए दशमोत्तर योजना संचालित है। इस योजना के तहत प्रत्येक कॉलेज को बायोमीट्रिक सत्यापन करवाना था। सत्यापन प्रधानाचार्य व एक शिक्षक का होना है। इसके बाद ही छात्रवृत्ति योजना का कॉलेज की तरफ से संचालन हो सकेगा, लेकिन कॉलेज इसे करवाने में बहुत ही लापरवाही बरत रहे हैं। कई बार निर्देशित करने के बाद भी पूर्व दशमोत्तर योजना में 126 व दशमोत्तर योजना में 84 कॉलेजों ने सत्यापन नहीं करवाया है। इसकी वजह से योजना की प्रगति आगे नहीं बढ़ पा रही है। समाज कल्याण अधिकारी ने डीआईओएस को पत्र लिखकर लापरवाह कॉलेजों की सूची दी थी। इन कॉलेजों को जल्द ही प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
दो दिन में करवाएं पूर्ण
सत्यापन में लापरवाही बरतने पर कॉलेजों को चेतावनी दी गई है कि वह दो दिन के अंदर इसे पूर्ण करवाना सुनिश्चित करें।
राजेंद्र सिंह, डीआईओएस