बेटियों को मिली अस्पताल से छुट्टी
सीतापुर। चलती ट्रेन से फेंकी गई दोनों बेटियों को मंगलवार जिला अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जीआरपी अब मंगलवार देर रात पूरे परिवार को ट्रेन से बिहार के लिए रवाना करेगी। पुलिस अभी तक इन बच्चियों को ट्रेन से फेंकने वाले पिता इद्दू को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
23 अक्तूबर को बिहार के बेतिया जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के सरिया बाजार निवासी इद्दू की बेटी रबिया,अल्बुल, सलीमा, मुन्नी को कामाख्या ट्रेन से फेंक दिया गया था। इनमें मुन्नी की मौत हो गई थी।
जबकि तीन बेटियां रेल ट्रैक के किनारे घायल हालत में पड़ी मिलीं थीं। इस मामले में जीआरपी ने बेटियों के पिता इद्दू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर रखी है।
घायल अल्बुल व सलीमा को सीतापुर जिला अस्पताल के पेइंग वार्ड में रखा गया था। अल्बुल के पैर में चोट थी। जिस पर डॉक्टरों ने प्लास्टर किया था।
मंगलवार को डॉक्टरों ने अल्बुल व सलीमा को डिस्चार्ज कर दिया। जीआरपी थानाध्यक्ष विवेक मौर्य ने बताया कि डिस्चार्ज के बाद अल्बुल व सलीमा को थाने लाया गया है। उनके साथ नानी व अन्य रिश्तेदार हैं। सभी को देर रात बिहार जाने वाली ट्रेन में बैठा दिया जाएगा।