जिला अस्पताल में जांच कराने के लिए लगीं कतारें। संवाद
सीतापुर। जिले में मलेरिया का प्रकोप धीरे-धीरे बढ़ रहा है। एक सप्ताह के अंदर जिला अस्पताल में 20 मरीज मलेरिया से संक्रमित मिले। वहीं, बुधवार को तीन मरीज मिलने पर प्राथमिक इलाज शुरू कर दिया गया।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. गौरव मिश्रा बताते हैं कि मलेरिया के मरीजों को जाड़ा लगकर बुखार आता है। यह पांच से सात दिन तक रहता है। इस दौरान मरीजों को चिकित्सकों के अनुसार दवाएं लेने व आराम करने की सलाह दी जाती है।
इधर, मई व जून में मलेरिया के मरीज सामने आ रहे हैं। जिला अस्पताल में इन मरीजों के लिए निशुल्क जांच व इलाज की सुविधा उपलब्ध है। बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में करीब 1900 मरीज पहुंचे। इनमें करीब 600 मरीज बुखार, पेट दर्द व खांसी से परेशान रहे।
300 मरीजों की विभिन्न बीमारियों की जांच करवाई गई। तीन मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। हालांकि इन मरीजों को भर्ती करने के बजाय दवाइयां देकर उन्हें घर पर ही आराम करने की सलाह दी गई।
जिला अस्पताल में जांच व इलाज की सुविधा उपलब्ध है। रोजाना दो से तीन मरीजों की मलेरिया जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आती है।