नैमिष चक्रतीर्थ में डुबकी लगाते श्रद्धालु।
- फोटो : अमर उजाला
धार्मिक एवं पौराणिक तीर्थस्थल नैमिषारण्य में वैसाख माह की सतुवाही अमावस्या पर श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा। इस दिन नैमिषारण्य के चक्रतीर्थ समेत गोमती नदी के तट पर श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई।
बाद में ललिता देवी मंदिर समेत अन्य मंदिरों एवं मठों में जाकर देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर मन्नतें मांगी। चिलचिलाती धूप भी श्रद्धालुओं की आस्था पर कोई प्रभाव नहीं डाल सकी। तकरीबन ढाई लाख श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई।
बता दें कि धार्मिक एवं पौराणिक तीर्थ स्थल नैमिषारण्य में हर माह की अमावस्या पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। बुधवार को वैसाख माह की सतुवाही अमावस्था थी। इस वजह से मंगलवार शाम से ही श्रद्धालुओं का नैमिषारण्य पहुंचने का दौर शुरू हो गया था।
कुछ रेल मार्ग तो कुछ सड़क मार्ग से पहुंचे। यही नहीं भारी संख्या में श्रद्धालु निजी वाहनों से भी पहुंचे। बुधवार को भोर से ही चक्रतीर्थ व गोमती नदी में श्रद्धालुओं के स्नान करने का दौर शुरू हो गया था। जो देर शाम तक चलता रहा।
इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने प्रमुख दर्शनीय स्थल ललिता देवी मंदिर, कालीपीठ, हनुमान गढ़ी, सूत गद्दी, व्यास गद्दी, देवपुरी मंदिर, बाला जी मंदिर, देवदेवेश्वर समेत अनेक मंदिरों में माथा टेका एवं मनौतियां मांगी। क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस एवं पीएसी बल तैनात किया गया था ।