लहरपुर में हादसे के बाद वाहन छोड़ भाग निकला चालक
लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में सोमवार की सुबह साइकिल से स्कूल जा रही एक छात्रा को बालू लदी बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंद दिया। जब तक उसे सीएचसी पहुंचाया जाता उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन मौके पर छोड़कर चालक भाग निकला।
कोतवाली क्षेत्र के फरीदपुर कुटी निवासी बिहारीलाल वर्मा की बेटी मोहिनी (11) एम अशरफ कॉन्वेंट स्कूल बदायूं टोला में कक्षा 5 की छात्रा थी। हर रोज की तरह मोहिनी सोमवार की सुबह आठ बजे साइकिल से स्कूल जाने के लिए निकली। बिसवां मार्ग पर पिरुवा तालाब के पास बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई और छात्रा को रौंद दिया।
हादसे में छात्रा बुरी तरह से जख्मी हो गई। ग्रामीणों ने 108 नंबर पर सूचना देकर एंबुलेंस बुलाई। एंबुलेंस आने में देरी देख घर वाले एक निजी वाहन से लेकर सीएचसी लहरपुर के लिए रवाना हुए। लेकिन उसने रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। उधर, हादसे के बाद वाहन मौके पर ही छोड़कर चालक भाग निकला। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।