लखनऊ से यात्री का बैग लेकर भागा, अटरिया में दबोचा
अटरिया। लखनऊ चारबाग रेलवे स्टेशन से एक यात्री के एक लाख रुपये नगदी समेत बैग लेकर भागे उचक्के को अटरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस ने दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी को गलत चाल-चलन के लिए परिवार पहले ही बेदखल कर चुका है।
थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र के ग्राम मनवा चौराहे पर पुलिस टीम के साथ नाकेबंदी की। इसी दौरान पुलिस ने पैदल जा रहे थाना क्षेत्र ग्राम अलबदा बच्चू उर्फ बौरा को पकड़ लिया।
उसके पास एक काला बैग था। पुलिस ने संदेह के आधार पर जब उसके गांव में संपर्क किया, तो थाने पहुंचे पिता मुन्नी लाल ने उसकी पहचान अपने पुत्र के रूप में करते हुए बताया कि गलत चाल-चलन की वजह से वे बौरा को बेदखल कर चुके हैं।
पुलिस ने उसके पास मौजूद बैग से 1 लाख रुपये व उसकी जेब से 9950 रुपये बरामद किए। थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच में पता चला कि यह बैग बच्चू ने एक यात्री का बैग चारबाग रेलवे स्टेशन से पार कर दिया है।
यात्री ने इस संबंध में जीआरपी चारबाग थाने में रिपोर्ट भी दर्ज करा रखी है। पुलिस अधीक्षक आनंद कुलकर्णी ने पुलिस टीम के इस काम को बेहतर बताया है।