रेउसा (सीतापुर)। मदरसा शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा में नकल थमने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को मालती प्रसाद शिवप्यारी बालिका इंटर कॉलेज में मुंशी के प्रश्न पत्र में एक छात्रा नकल करते हुए पकड़ी गई। यह छात्रा दूसरे के स्थान पर उसी के फोटो के आधार पर परीक्षा दे रही थी। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
मालती प्रसाद शिवप्यारी बालिका इंटर कॉलेज में सोमवार को पहली पाली में उर्दू साहित्य का पेपर था। इस प्रश्न पत्र में मदरसा मोहम्मद जान निस्वां पब्लिक स्कूल फर्र खरहरा की छात्रा का सेंटर आया था। केंद्र व्यवस्थापक नीरज अवस्थी ने बताया कि प्रश्नपत्र वितरण के बाद विद्यालय के सचल दल द्वारा निरीक्षण किया जा रहा था।
इस दौरान छात्रा के स्थान पर एक अन्य छात्रा परीक्षा दे रही थी। फोटो मिलान करने पर वह पकड़ में आ गई। पूछताछ में उसने बताया कि एक सहायक अध्यापक ने उसे ऐसा करने को कहा था। पकड़ी गई छात्रा को केंद्र व्यवस्थापक ने रेउसा पुलिस के सुपुर्द करते हुए तहरीर दी। पुलिस ने छात्रा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। इससे पहले भी एक छात्र इसी कॉलेज में नकल करते पकड़ा गया था।
बदला परीक्षा केंद्र
हिंदू कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रीति ने बताया कि बीए प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष की छात्राओं का परीक्षा केंद्र आरएमपी डिग्री कॉलेज बनाया गया था। विश्वविद्यालय ने बीए की समस्त छात्राओं का केंद्र परिवर्तित कर दिया है। अब छात्राएं सेक्रेड हार्ट डिग्री कॉलेज नैपालापुर में पहुंचकर एग्जाम देना सुनिश्चित करें। वहीं, आरएमपी डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरसी वार्ष्णेय ने बताया कि कल से शुरू हो रही परीक्षा की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने बताया कि हिंदू कन्या महाविद्यालय की एमए कक्षाओं की परीक्षाएं सेक्रेड हार्ट डिग्री कॉलेज में न होकर आरएमपी महाविद्यालय में संपन्न होगी। महाविद्यालय को 33 महाविद्यालयों का नोडल केंद्र बनाया गया है।