सिधौली (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में एक छात्र का शव कमरे के अंदर फंदे पर लटका पाया गया। सोमवार की सुबह घरवालों ने कमरे के अंदर का नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए। परिवारीजन घटना की वजह बता पाने में असमर्थता व्यक्त कर रहे हैं। छात्र की मौत होने से परिवारीजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सिधौली कोतवाली व नगर के मोहल्ला नरोत्तम नगर में रहने वाले दिनेश का बेटा आदित्य उर्फ अकी (16) एसआर ग्लोबल स्कूल बक्सी का तालाब में कक्षा आठ का छात्र था। रविवार की रात वह रोज की तरह ऊपरी मंजिल पर अपने कमरे में अकेला सोने गया था। सोमवार की सुबह पांच बजे घरवाले उसे उठाने कमरे में पहुंचे तो वहां का नजारा देख दंग रह गए।
आदित्य का शव कमरे में छत के कुंडे से रस्सी के सहारे फंदे पर लटक रहा था। आनन-फानन में उसे फंदे से नीचे उतारा गया। आदित्य ने यह आत्मघाती कदम किस वजह से उठाया, परिवारीजन यह नही बता पा रहे हैं। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।