सिधौली (सीतापुर)। स्वच्छता अभियान को बढ़ावा देने को सरकारी अस्पतालों में चलाई जा रही कायाकल्प पुरस्कार योजना में कायाकल्प टीम ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधौली का निरीक्षण किया। इस मुआयने में टीम ने सीएचसी में साफ सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
केजीएमयू की प्रोफेसर डॉ. अर्चना घिल्डियाल, लखनऊ यूनिवर्सिटी की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मौसमी गुप्ता व कैंसर एंड एड्स सोसाइटी लखनऊ की सीनियर डायरेक्टर डॉ. प्रीती गुप्ता की तीन सदस्यीय टीम ने ओपीडी कक्ष, लेबर रूम, ऑपरेशन कक्ष, वार्डों की साफ सफाई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सूखा व गीला कचरा के निस्तारण प्रबंधन का भी जायजा लिया।
टीम के सदस्यों ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को साफ सफाई के अनुरूप अंक दिए जाएंगे। जिसके आधार पर पुरस्कार के लिए रैंक निर्धारित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अधीक्षक डॉ. आरसी चौधरी, डॉ. देवेंद्र वर्मा, डॉ. अनुराग सिंह, डॉ. गौरी विश्वास, डॉ. अश्वनी वर्मा, डॉ. मधुकर, जुबैर अहमद, देशदीप शुक्ल, संजय सिंह आदि मौजूद रहे।