हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सिधौली-मिश्रिख मार्ग जाम कर किया प्रदर्शन
कल्ली चौराहा/मिश्रिख (सीतापुर)। मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को एक प्राइवेट बस ने बाइक सवार जीजा-साले को रौंद दिया। इसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के वक्त बाइक बस के नीचे फंसकर करीब दो सौ मीटर तक घिसटती चली गई।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। एसडीएम व क्षेत्रीय विधायक के आश्वासन पर ग्रामीण माने और जाम हटाया। लगभग तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से अफरातफरी का माहौल बना रहा। राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मिश्रिख के तरसावां गांव में रहने वाले आदित्य तिवारी उर्फ मन्नू (50) पुत्र श्रीकृष्ण तिवारी अपने साले ब्रजेश कुमार (45) पुत्र छैल बिहारी निवासी लहरपुर की बेटी की शादी के सिलसिले में बुधवार सुबह करीब नौ बजे उसके साथ बाइक से उत्तरधौना के लिए निकले थे।
बाइक जैसे ही तरसावां मोड़ से सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर पहुंची कि मिश्रिख की तरफ से आ रही प्राइवेट बस की चपेट में आ गई। बस के अगले हिस्से में नीचे बाइक इस तरह फंस गई कि करीब दो सौ मीटर तक घिसटती चली गई। बस के नीचे आने से बाइक सवार जीजा-साले की मौत हो गई।
हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़ भाग गया। खबर पाकर मृतक के परिवारीजन व भारी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर ही शव रख सिधौली-मिश्रिख मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सड़क जाम होने की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक रामकृष्ण भार्गव, एसडीएम राजीव पांडेय, कोतवाली प्रभारी ब्रजेश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। एसडीएम ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया।
इसके बाद प्रदर्शनकारियों का गुस्सा शांत हुआ और जाम हटा लिया गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
बेटी की डोली से पहले उठी पिता की अर्थी
हादसे में जान गंवाने वाले आदित्य तिवारी की चार संतानों में दो बेटियां और दो बेटे हैं। आदित्य ने बड़ी बेटी की शादी हाल में ही तय की थी। हालांकि अभी शादी की तारीख तय नहीं हुई थी, फिर भी वह बड़े अरमानों से बड़ी बेटी को विदा करने की तैयारियों में जुट गए थे।
मगर नियति को कुछ और ही मंजूर था। बेटी की डोली से पहले उनकी अर्थी उठने जा रही है। किसान यूनियन नेता उमेश पांडेय व रामगोपाल अवस्थी ने पीड़ित परिवार से लड़की की शादी में हरसंभव मदद करने का वादा किया है।
वाहन की टक्कर से बाइक सवार की जान गई
महमूदाबाद। कोतवाली इलाके में मंगलवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। थानाक्षेत्र थानगांव के बेलहरी में रहने वाला भीम सिंह (34) पुत्र पतिराज मंगलवार को अपने बहनोई भूपेन्द्र सिंह निवासी बीबीपुर वार्ड महमूदाबाद आया था।
यहां भांजे के जन्मदिन की दावत खाकर देर रात वह बाइक से घर के लिए निकला। महमूदाबाद-सेमरी मार्ग पर भिटौरा गांव के करीब किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में भीम गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसों में दो सगे भाइयों समेत चार जख्मी
मानपुर/मास्टरबाग। जिले के अलग-अलग इलाकों में सड़क हादसों के दौरान दो सगे भाइयों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को करीबी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। शहर कोतवाली क्षेत्र के शाह महोली निवासी संजय व सनी मंगलवार को बाइक से बिसवां गए थे।
देर रात वापस घर आते समय सीतापुर-बिसवां मार्ग पर लालपुर कोठी के करीब किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों भाई बुरी तरह से जख्मी हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी बिसवां में भर्ती कराया।
दूसरी तरफ कमलापुर थानाक्षेत्र में सिधौली-बिसवां मार्ग पर मंगलवार की देर रात दो कारों की भिड़ंत में जोडौरा के प्रधान पति बालेस्टर तथा महेन्द्र निवासी गुलजार पुरवा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी कसमंडा पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेज दिया है।