संदना थाना क्षेत्र में खड़ंजा लगाने के विवाद में अंजाम दी गई वारदात
गोंदलामऊ (सीतापुर)। संदना थाना इलाके में सोमवार को दिनदहाड़े एक ग्राम पंचायत सदस्य की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घर के सामने खड़ंजा लगाने की बात पर उपजे विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया। इसके अलावा रंजिश की बात भी सामने आई है। मृतक के पिता ने तीन सगे भाइयों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
संदना के सरोसा गांव में रहने वाले छोटे मुन्ना (35) पुत्र जग्गन मौर्य ग्राम पंचायत सदस्य था। सोमवार की दोपहर उसके पड़ोसी सुक्खा तेली अपने घर के सामने खड़ंजा लगवा रहा था। छोटे मुन्ना ने खड़ंजा लगाए जाने का विरोध किया। बताते हैं कि दोनों पक्षों में पिछले छह साल से जमीन की रंजिश भी चली आ रही थी।
सोमवार को उपजे विवाद ने तूल पकड़ा तो आरोप है कि आगबबूला होकर सुक्खा तेली हंसिए से छोटे मुन्ना पर ताबड़तोड़ प्रहार करने लगा। चीख-पुकार सुनकर छोटे मुन्ना के बड़े भाई बड़े मुन्ना ने उसे बचाने का प्रयास किया तो सुक्खा उस पर भी हमलावर हो गया। यह देख बड़े मुन्ना अपनी जान बचाकर भाग खड़ा हुआ।
बताते हैं कि ग्रामीणों ने बीचबचाव कर बड़े मुन्ना को बचा लिया। लेकिन ग्रामीण जब हमले से बुरी तरह जख्मी छोटे मुन्ना के पास पहुंचे तब तक वह दम तोड़ चुुका था। उधर, हमलावर सुक्खा मौके से भाग निकलने में कामयाब रहा। दिनदहाड़े हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है।
सूचना पाकर सीओ मिश्रिख अभय प्रताप मल्ल व थाना प्रभारी संदना धर्मराज उपाध्याय मय फोर्स मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू कर दी। थाना प्रभारी धर्मराज ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर सुक्खा तेली, चंदिका व प्रमोद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी प्रमोद को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि सुक्खा व चंदिका की तलाश की जा रही है।