तीन प्रधानी व एक बीडीसी सदस्य पद के लिए होगा मतदान, पोलिंग पार्टियां पहुंचीं
सीतापुर। पंचायत उप चुनाव में तीन प्रधान व एक बीडीसी सदस्य पद के लिए 14 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। शनिवार को मतदान होने के साथ सभी प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो जाएगा। संबंधित ब्लॉकों से पोलिंग पार्टियां शुक्रवार को रवाना हो गई।
मतदान केन्द्रों पर पोलिंग पार्टियां देर शाम पहुंच गई हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार को मतदान होगा। जिले के ब्लॉक ऐलिया की ग्राम पंचायत भवानीपुर विलियम साहब में अल्पना सिंह, अर्पिता पांडेय व मीना मौर्या प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं।
ब्लॉक महमूदाबाद की ग्राम पंचायत मदारीपुर में पांच उम्मीदवार तथा ब्लॉक गोंदलामऊ की ग्राम पंचायत बरोय में तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। इसके अलावा ब्लॉक मिश्रिख के निरहन वार्ड संख्या 45 पर बीडीसी सदस्य पद के लिए तीन प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
शनिवार (25 अगस्त) को इन चारों सीटों पर मतदान होगा। इसके लिए मतदान केन्द्रों पर पोलिंग पार्टियां शुक्रवार की देर शाम पहुंच चुकी हैं। मतदान के साथ शनिवार को सभी उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटियों में कैद हो जाएगी। एडीएम विनय पाठक ने बताया कि मतदान की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।