महमूदाबाद के इंदौरा गांव के पास हुआ हादसा
महमूदाबाद (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र के बिसवां मार्ग पर इंदौरा गांव के पास रात को ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को यूपी-100 पुलिस ने महमूदाबाद सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने घायलों की हालत नाजुक देख उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
सदरपुर थाना इलाके के बेहटी निवासी अशोक कुमार (45) अपने साथी प्यारेलाल (35) के संग महमूदाबाद से बाइक से अपने घर को जा रहे थे। रास्ते में बिसवां मार्ग पर इंदौरा गांव के पास उनकी बाइक और सामने से आ रहे ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
आननफानन स्थानीय नागरिकों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पाकर 100 सहायता पुलिस ने घायलों को सीएचसी महमूदाबाद में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर अनवर ने घायलों का प्राथमिक इलाज कर हालत गंभीर देख दोनों को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।