विरोध पर गृहस्वामी को पीटा, पीड़ित ने दी तहरीर
गोंदलामऊ-संदना (सीतापुर)। संदना थाना क्षेत्र में सोमवार रात सशस्त्र डकैतों ने एक व्यवसायी के परिवार को बंधक बनाकर लाखों का माल लूट लिया। जाते समय डकैत पीड़ित परिवार को कमरे में बंद कर गए। पीड़ित ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है। पुलिस जांच की बात कह रही है। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
संदना के ग्राम गोंदलामऊ निवासी सुनील गुप्ता मिठाई की दुकान चलाते हैं। सोमवार रात सुनील व उनका परिवार घर में सो रहा था। आधी रात के वक्त करीब आठ नकाबपोश सशस्त्र डकैत छत के रास्ते घर में घुस गए। इसके बाद परिवार को जगाकर बंधक बनाया और लूटपाट करने लगे।
गृहस्वामी ने जब विरोध जताया, तो डकैतों ने उनकी पिटाई कर दी और शोर मचाने पर जान से मार डालने की धमकी दी। इससे परिवार सहम गया। डकैतों ने परिवार के सामने ही घर में रखे बक्सों के ताले तोड़ डाले। इसके बाद उनमें रखी 8 हजार की नकदी, सोने-चांदी के जेवर, बर्तन आदि लूट लिया।
माल हाथ में आने के बाद डकैतों ने पूरे परिवार को एक कमरे में बंद कर दिया और बाहर से कुंडी लगा दी। डकैत परिवार को शोर न मचाने की धमकी देते हुए लूट के माल समेत भाग गए। डकैतों के जाने के बाद परिवार के सदस्यों ने शोर मचाकर पड़ोसियों को जगाया। तब कहीं पड़ोसियों को वारदात की जानकारी हो सकी।
पड़ोसियों ने कुंडी खोलकर परिवार को बाहर निकाला और घटना की सूचना दी। घटना के संबंध में पीड़ित गृहस्वामी ने बताया कि डकैत करीब साढ़े तीन लाख रुपये का सामान उठा ले गए हैं। पीड़ित ने इस संबंध में संदना थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष सुभाष सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।