प्रधानमंत्री आवास योजना में कर रहा था काम
मिश्रिख (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को हाईटेंशन करंट की चपेट में आकर एक मजदूर की मौत हो गई। मजदूर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आए एक मकान के निर्माण में काम कर रहा था। बताते हैं कि स्लेब डालते समय वह हादसे का शिकार हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के महमूदपुर निवासी बबलू (25) मजदूरी करके अपने परिवार का खर्च उठाता था। सोमवार को वह गांव के राजेंद्र के यहां प्रधानमंत्री आवास के निर्माण में काम कर रहा था। बताया गया है, कि वहां स्लेब डालने का काम चल रहा था।
बबलू दीवार पर सरिया का जाल बना रहा था। इसी बीच उसने एक सरिया को जैसे ही सीधा किया। सरिया ऊपर से होकर गुजरी हाईटेंशन लाइन के तार से छू गया। तार के संपर्क में सरिया के आते ही बबलू हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गया और जलने लगा।
यह देख वहां मौजूद मजदूरों में भगदड़ मच गई। कुछ मजदूरों ने सूखे बांस की मदद से बबलू को तार से अलग किया। तब तक वह बुरी तरह से झुलस चुका था। परिवार के सदस्य उसे लेकर जिला अस्पताल भागे। रास्ते में बबलू ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।