बूथों पर विद्युतीकरण का करें वैरीफिकेशन
सीतापुर। निकाय चुनाव को पारदर्शी बनाने के लिए अति संवेदनशील और अति संवेदनशील प्लस बूथों पर बूथों पर वेबकॉस्टिंग होगी।
इसके लिए चयनित बूथों पर विद्युतीकरण से लैस किए जाएंगे। इन बूथों पर विद्युत व्यवस्था परखने के लिए डीएम ने पावर कॉर्पोरेशन को चिट्ठी लिखी है। इसके माध्यम से उन्होंने चयनित बूथों पर विद्युतीकरण का सत्यापन करने को कहा है।
नए पंचवर्षीय पालिका और पंचायतों के गठन के लिए आयोग के फरमान पर चुनावी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इस प्रक्रिया के तहत आयोग ने अति संवेदन शील और अति संवेदनशील प्लस बूथों पर वेब कॉस्टिंग कराने का फैसला लिया।
आयोग के फरमान पर सीतापुर जिले की 11 निकायों में भी प्रशासन अति संवेदनशील व अति संवेदनशील प्लस बूथों पर वेबकॉस्टिंग कराने की तैयारी में लगा है।
बताते हैं कि सीतापुर में 16 अति संवेदनशील प्लस के 16 मतदान केंद्र व 68 अति संवेदनशील केंद्र चयनित हुए हैं। अब चयनित केंद्रों पर वेबकॉस्टिंग कराई जाएगी।
मतदान के दिन लाइव टेली कॉस्ट कराने के लिए प्रशासन ने पावर कॉर्पोरेशन को चयनित बूथों पर विद्युतीकरण की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए है।
जिलाधिकारी डॉ. सारिका मोहन ने पावर कॉर्पोरेशन प्रथम और द्वितीय अधिशासी अभियंताओं को पत्र लिखा है। इसके जरिए निर्देश दिए कि वे निकाय चुनाव के मद्देनजर अति संवेदनशील व अति संवेदनशील प्लस बूथों का निरीक्षण कर लें और सभी केंद्रों पर विद्युतीकरण से लैस किया जाए। यह कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए।