एंटी भू-माफिया पोर्टल पर दर्ज करें मामले
राजस्व परिषद अध्यक्ष ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए विभागीय कार्यों की समीक्षा कर जानी प्रगति
सीतापुर। राजस्व परिषद अध्यक्ष ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए विभागीय कार्यों की समीक्षा कर प्रगति ली। बाद में उन्होंने सभी भू-माफिया से संबंधित शिकायतों को एंटी भू-माफिया पोर्टल पर फीड कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि एक मई से अभी तक जितने भी प्रार्थना-पत्र भू-माफिया से संबंधित आए हैं, उनको भी अपलोड करा दें। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी अपने तहसील के भू-माफिया की शिकायत की जानकारी दें। उस संपत्ति की सुरक्षा का जिम्मेदार अधिकारी कौन है उसका नाम, पदनाम भी पोर्टल पर फीड कराएं। उन्होंने कहा कि भू-माफिया के विरूद्ध अभी तक क्या कार्रवाई की गईं अगर एफआईआर दर्ज की गईं है तो थाने का नाम व नंबर भी पोर्टल पर फीड कराएं।
अध्यक्ष राजस्व परिषद ने डीएम को भू-माफियाओं को चिह्नित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे भू-माफिया को चिह्नित करना होगा जो बड़े अतिक्रमण करता है। उन्हें चिह्नित कर भूमि खाली करवाई जानी है। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस में जो भी शिकायतें भू-माफिया से संबंधित आती हैं उनको भी पोर्टल पर फीड करा दें। उन्होंने कहा कि बैठक कर समय-समय पर इसकी समीक्षा भी करते रहें।