लहरपुर (सीतापुर)। इलाके के रुकनापुर गांव में बृहस्पतिवार को अज्ञात कारणों से लगी आग से 18 घरों की गृहस्थी जल गई। दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के बाद कारागार राज्य मंत्री ने मौके पर पहुंच कर हाल जाना।
रुकनापुर के मजरा काशीडीह में बृहस्पतिवार दोपहर अवधेश के घर में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। वह उस समय घर में नहीं थे। क्षेत्र में चल रही तेज हवाओं के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर करीब 18 घरों को चपेट में ले लिया। इससे पूरे गांव में चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों ने एकजुट होकर पंपिंग सेट, कुआं व नल आदि की सहायता से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे।
अग्निकांड में अवधेश के घर में रखी 20 हजार की नकदी, विपिन का ट्रैक्टर, पप्पू की बाइक के साथ ही रामसनेही, संदीप, सीता, कन्हैया लाल, प्रमोद, तेजपाल, राजू, प्रेम नारायण, बंसीलाल, राम लखन, अर्जुन लाल आदि के छप्पर व घर गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी तो इंस्पेक्टर विजयेंद्र सिंह व दमकल विभाग की टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। तब तक सब कुछ जलकर नष्ट हो जा चुका था।
आग लगने की सूचना पाकर कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही व उप जिलाधिकारी आकांक्षा गौतम ने गांव पहुंच कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और आर्थिक सहायता दिए जाने का आश्वासन दिया। पीड़ित परिवारों को तिरपाल व कंबल भी वितरित किए। प्रधान उमेश जायसवाल ने बताया कि पीड़ित परिवारों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।