माध्यमिक शिक्षा परिषद के शैक्षिक सत्र 2016-17 की बोर्ड परीक्षा 176 परीक्षा केंद्रों पर होगी। इन केंद्रों पर करीब 90 हजार विद्यार्थी एग्जाम देंगे। परीक्षा समिति ने अनंतिम रूप से परीक्षा केंद्र तय कर लिए हैं। दो नवंबर तक आपत्तियां मांगी गईं हैं। बाद में इन पर अंतिम मुहर लगेगी।
पिछले साल बोर्ड परीक्षा में 172 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों में से भवन जर्जर होने के कारण मुस्लिम इंटर कॉलेज तंबौर को इस बार हटा दिया गया है। बाकी 171 केंद्र पुराने हैं जो पिछले साल बनाए गए थे। इस बार पांच नए केंद्र शामिल किए हैं।
इनमें पंडित संतोषी लाल शुक्ला, चांदपुर बाजार रामपुर मथुरा, रामचंद्र रामनरेश इंटर कॉलेज धमगोधरापुर महमूदाबाद, महराजनगर मांटेसरी इंटर कॉलेज महराजनगर, हीरा पब्लिक इंटर कॉलेज खैराबाद व अमरनाथ इंटर कॉलेज सिधौली शामिल हैं। ये पहली बार केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर करीब 90 हजार विद्यार्थी एग्जाम देंगे।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बनी परीक्षा समिति ने अनंतिम रूप से केंद्र फाइनल कर दिए हैं। डीआईओएस राजा भानु प्रताप सिंह ने बताया कि सूची एनआईसी की वेबसाइड पर अपलोड, डीआईओएस कार्यालय व जीआईसी सीतापुर में चस्पा करा दी गई है। परीक्षा केंद्रों के संबंध में यदि किसी को कोई आपत्ति हो, तो दो नवंबर तक कारणों सहित प्रत्यावेदन कर सकता है।
बाक्स
नहीं मिली थी नकल
पिछले साल हुईं परीक्षा में जिले के किसी भी केंद्र पर नकल व आपत्तिजनक सामग्री नहीं पकड़ी गईं थीं। वहीं, पिछले पांच साल में जिले का कोई भी केंद्र ब्लैक लिस्ट नहीं हुआ है। इसी वजह से सभी वही केंद्र बना दिए गए हैं।