मजदूर व किसानों की समस्याओं को लेकर किसान मंच का बेमियादी धरना-प्रदर्शन रविवार को भी जारी रहा। तीन दिन बाद भी जिला प्रशासन ने कोई सुधि नहीं ली। किसान मंच जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रशासन किसानों की समस्याओं को लेकर कोई रुचि नहीं दिखा रहा है।
यदि जल्द ही समस्याओं का निस्तारण न हुआ तो मंगलवार से आंदोलन को और भी तेज किया जाएगा। किसान मंच जिलाध्यक्ष शिव प्रकाश सिंह ने कहा कि कब्रिस्तान, मरघट, चरागाह व खलिहान की जमीन दबंगों के कब्जे में है जिसे तत्काल मुक्त कराया जाए।
शोभा लोधी ने कहा कि जब तक भूमिहीनों की समस्याएं खत्म नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा। चिलवारा, टिकरिया, गंगापुर में भू-माफिया से जमीन मुक्त कराने, कृषि योग्य जमीन भूमिहीन किसानों में बांटने को लेकर आंदोलन किया जा रहा है।
यदि किसानों को उनका हक नहीं मिला तो किसान मंच आरपार की लड़ाई की तैयारी कर रहा है। जिला सचिव ने कहा कि बिसवो व महोली तहसील के भूमिहीन किसान अगले सप्ताह घेराव करेंगे।
जिला प्रवक्ता सचेंद्र दीक्षित ने कहा कि जिला प्रशासन की लापरवाही इस बात का प्रमाण है कि गरीब व किसानों की ज्वलंत समस्याओं के प्रति वह गंभीर नहीं है। इस दौरान धनंजय अवस्थी, रोहित कुमार, सुरेश चंद्र कनौजिया व मुन्ना लाल आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।