तंबौर (सीतापुर)। शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराने के लिए कौशल विकास निगम तीन दिवसीय रोजगार मेला लगाएगा। यह मेला कृष्ण पाल सिंह पीजी कॉलेज तंबौर में 18 से 20 फरवरी तक लगेगा। रोजगार मेले में 10 सेक्टरों की रिटेल, टेलीकॉम, बैंकिंग व फाइनेंस, आईटी, आईटीईएस, सिक्योरिटी, टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी लॉजिस्टिक्स, हेल्थ केयर आदि 40 विभिन्न कंपनियां आएंगी। सोमवार को सांसद राजेश वर्मा रोजगार मेले का उद्घाटन करेंगे।
जिले में बहुतायत की संख्या में शिक्षित बेरोजगार रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। इसके बावजूद इन्हें रोजगार नहीं मिल पा रहा है। इसे देखते हुए सीतापुर सांसद राजेश वर्मा ने स्किल इंडिया के तहत कौशल विकास मंत्रालय भारत सरकार के राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के माध्यम से अपने संसदीय इलाके में रोजगार मेला आयोजित कराने का फैसला किया।
इस पर विकास खंड बेहटा के कृष्णपाल सिंह पीजी कालेज तंबौर में तीन दिवसीय यानी 18 से 20 फरवरी तक रोजगार मेला लगेगा। कौशल विकास निगम के एसईओ प्रशांत कटियार ने बताया कि तीन दिनी रोजगार मेला सोमवार से शुरू होगा और बीस फरवरी तक चलेगा।
इस मेले में दस सेक्टरों की चालीस से अधिक विभिन्न कंपनियां आएंगी और विभिन्न पदों के लिए अर्हत अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनका चयन करेंगी। उन्होंने बताया कि सोमवार को सुबह दस बजे सांसद राजेेश वर्मा मेले का उद्घाटन करेंगे। मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस मेले में क्षेत्र के हजारों बेरोजगारों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।