मौसम ने बदली करवट, बारिश व तेज हवा ने कराया सिहरन का अहसास
सीतापुर। मौसम के अचानक बदले मिजाज के दौरान गुरुवार को बारिश के संग बिजली गिरने से एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि सात बच्चों समेत आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गए। जिन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। बदली व बारिश के बीच चलने वाली सर्द हवा ने एक बार फिर सिहरन का अहसास कराया।
दोपहर बाद काली घटाएं घिरने से दृश्यता इस कदर घट गई कि वाहनों में हेड लाइटें जलती नजर आई। अगले चौबीस घंटो तक मौसम के तेवर सुधरने के आसार नही हैं। गुरुवार की सुबह से आसमान पर बादल मंडराने लगे। सूर्यदेव ने दर्शन तो दिए लेकिन खुलकर चमक नही बिखेर पाए।
धूप-छांव के बीच दोपहर बाद करीब तीन बजे बारिश शुरू हो गई। अचानक होने वाली बेमौसम बरसात ने शहर की सड़को पर चहलकदमी कर रहे लोगों को तरबतर कर दिया। बारिश के बीच 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली सर्द हवा ने सिहरन का अहसास कराया।
इससे एक बार फिर सर्दी लौट आई। बदली की वजह से दिन में ही अंधेरा छा गया। जिससे वाहन चालकों को हेड लाइटें जलानी पड़ी। मिश्रिख प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के तेलियानी गांव में रहने वाले मोनू मौर्य (18) पुत्र विश्वेश्वर की गुरुवार दोपहर घर के बाहर बिजली गिरने से मौत हो गई।
वहीं, दधनामऊ की पूजा (22) पत्नी सुनील व उसकी देवरानी रंजना अपने बच्चों गोलू (5) तथा नन्हे (7) के साथ अकबरपुर के करीब एक देवस्थान पर आई थीं। बिजली गिरने से पूजा की मौत हो गई, जबकि रंजना व उसके दोनों बच्चे झुलस गए। जिन्हें सीएचसी मिश्रिख में भर्ती कराया गया।
लहरपुर प्रतिनिधि के अनुसार ब्लॉक परसेंडी के उदनापुर कलां में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने से गांव के मैदान में क्रिकेट खेल रहे बादल (10) पुत्र उत्तम, राहुल (8) पुत्र अंबुज, अमित (7) पुत्र प्रदीप, गोल्डी (7) पुत्र अजय तथा देशराज (8) पुत्र जगदंबा झुलस गए। बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना पर तहसीलदार लहरपुर अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और घायल बच्चों के परिवारीजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। देर शाम तक आसमान में बादल छाए रहने से बढ़ी ठंड ने लोगों को कंपकंपी का अहसास करा दिया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार शुक्रवार को भी बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना है।
मृतकों के परिवारीजनों को मिलेगा मुआवजा
बिजली गिरने से जान गंवाने वाले मृतकों के परिवारीजनों को चार लाख रुपये का मुआवजा दिलाया जाएगा। इसके लिए रिपोर्ट शासन में भेजी जा रही है।
-राजीव पांडेय, एसडीएम मिश्रिख