रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा खैराबाद स्टेशन पर विशेष डेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर करेंगे संचालन का शुभारंभ
सीतापुर। रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा खैराबाद अवध स्टेशन पर बुधवार को विशेष डेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर लखनऊ-सीतापुर रेल लाइन का शुभारंभ करेंगे। आमान परिवर्तन का काम पूरा होने पर ढाई साल बाद इस ट्रैक पर एक बार फिर से ट्रेनें दौड़ेंगी।
रेल लाइन की शुरुआत करने के बाद रेल राज्यमंत्री बुधवार की दोपहर 1:12 बजे विशेष डेमू ट्रेन से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। नौ जनवरी को जिले में बड़ी लाइन के इतिहास का आगाज होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक समारोह को यादगार बनाने की रेल महकमे ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
लखनऊ से सीतापुर के बीच पहली मीटर गेज ट्रेन 15 नवंबर सन् 1886 को चली थी। इसके बाद इस रूट पर लाखों मुसाफिरों के लिए यह ट्रेनें आवागमन का प्रमुख जरिया बन गई थीं। सस्ती व सुलभ यात्रा के लिए बड़ी संख्या में लोग ट्रेनों का रुख करते थे।
अनवरत 130 वर्षों तक मुसाफिरों को सुहाना सफर कराने वाली छोटी लाइन की ट्रेनों का संचालन आमान परिवर्तन की वजह से 14 मई 2016 की मध्यरात्रि बंद कर दिया गया था। छोटी लाइन से बड़ी लाइन बनाने के लिए ट्रेनों का संचालन ही नहीं थमा बल्कि एक युग का अंत हो गया।
फिर शुरू हुआ आमान परिवर्तन तारीख पर तारीख दिए जाते रहने के बाद आखिरकार दिसंबर 2018 में पूरा कर लिया गया। इस ट्रैक पर 120 की स्पीड से ट्रेन दौड़ाकर गुणवत्ता का सफल परीक्षण किए जाने से जल्द संचालन शुरू होने की उम्मीद जगी।
कई तरह की औपचारिकताएं पूरी कर लिए जाने से 2 साल 7 महीने 25 दिन के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार वह तारीख मुकर्रर की गई जब लखनऊ-सीतापुर रेल ट्रैक पर बड़ी लाइन की गाड़ियों का संचालन चालू होने जा रहा है।
आमान परिवर्तन के बाद बड़ी लाइन की ट्रेनों का शुभारंभ कर जिले के रेल इतिहास में 9 जनवरी को एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा खैराबाद अवध रेलवे स्टेशन पर एक समारोह में बुधवार की दोपहर एक बजे विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर लखनऊ-सीतापुर ट्रैक पर बड़ी लाइन की ट्रेनों के संचालन का शुभारंभ करेंगे।
इस ऐतिहासिक लम्हे के गवाह सीतापुर सांसद राजेश वर्मा, मोहनलालगंज सांसद कौशल किशोर, सांसद अंजू बाला, सदर विधायक राकेश राठौर, बिसवां विधायक महेंद्र प्रताप सिंह, सिधौली विधायक हरगोविंद भार्गव, एमएलसी आनंद भदौरिया सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि, अफसर व गणमान्य नागरिक बनेंगे।
दोपहर 1:12 बजे विशेष ट्रेन लखनऊ के लिए रवाना होगी। रेल राज्यमंत्री इसी विशेष ट्रेन में सवार होकर बक्सी का तालाब के लिए रवाना हो जाएंगे। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि उद्घाटन समारोह की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
विशेष डेमू ट्रेन शाम 4 बजे पहुंचेगी लखनऊ
विशेष डेमू ट्रेन मंगलवार रात सीतापुर जंक्शन पर पहुंच गई। यहां इस ट्रेन की बुधवार सुबह साज-सज्जा होगी। इस बाद दोपहर एक बजे यह ट्रेन खैराबाद के लिए प्रस्थान करेगी। खैराबाद स्टेशन पर ट्रेन दोपहर 1:10 बजे पहुंचकर 1:12 बजे अगले स्टेशन की ओर प्रस्थान करेगी।
यह ट्रेन 1:22 बजे बरई जलालपुर हाल्ट, 1:33 बजे कमलापुर, 1:41 बजे सुरैंचा हाल्ट, 1:54 बजे सिधौली, 2:05 बजे मनवा हाल्ट, 2:12 बजे अटरिया, 2:26 बजे इटौंजा, 2:43 बजे बक्शी का तालाब, 3:00 बजे मोहिबुल्लापुर, 3:08 बजे डालीगंज, 3:20 बजे सिटी स्टेशन 3:31 बजे ऐशबाग तथा सायं 4:00 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी।
एलईडी स्क्रीन पर दिखाएंगे हरी झंडी
खैराबाद। आमान परिवर्तन के बाद नए सीतापुर-ऐशबाग ट्रैक पर ढाई बरस बाद रेलगाड़ियां दौड़ेंगी। नौ जनवरी को रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा जनसभा कर खैराबाद अवध स्टेशन पर एलईडी स्क्रीन पर हरी झंडी दिखाकर सीतापुर जंक्शन से ट्रेन को लखनऊ दौड़ाएंगे।
विभागीय जानकारों के मुताबिक इस उदाटन कार्यक्रम को लेकर तीन एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। खैराबाद अवध स्टेशन पर दो एलईडी स्क्रीन लगेंगी। यहां पर एक मंच पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी। जबकि दूसरी एलईडी प्लेटफार्म दो पर लगेगी।
तीसरे एलईडी स्क्रीन सीतापुर जंक्शन पर लगेंगी। खैराबाद स्टेशन के प्लेटफार्म दो पर राज्यमंत्री सिन्हा हरी झंडी दिखाएंगे। एलईडी स्क्रीन पर हरी झंडी देख ड्राइवर सीतापुर जंक्शन के प्लेटफार्म तीन यानी चार नंबर ट्रैक पर सज-धजकर खड़ी ट्रेन को लेकर लखनऊ जाएगा।
25 रुपये में कीजिए राजधानीतक सफर
आमान परिवर्तन के बाद ऐशबाग-सीतापुर ट्रैक का बुधवार को चालू होगा। यह ट्रैक शुरू होने के बाद मुसाफिर कम कम किराये में लखनऊ तक सफर कर सकेंगे। उन्हें पैसेंजर ट्रेन का महज 25 रुपये तथा एक्सप्रेस ट्रेन से सफर के लिए 45 रुपये चुकाने होंगे।
यानी उन्हें सबसे ज्यादा व सुगम सफर करने को मिलेगा। रेलवे के मुताबिक यात्रियों को पैसेंजर ट्रेन से खैराबाद, बरई जलालपुर हाल्ट, कमलापुर, सुरैंचा हाल्ट, सिधौली एवं मनवा हाल्ट तक सफर के लिए 10 रुपये चुकाने होंगे।
जबकि अटरिया व इटौजा तक सफर के 15 रुपये, बक्शी का तालाब, मोहिबुल्लापुर के लिए 20 रुपये, डालीगंज, लखनऊ सिटी, ऐशबाग, लखनऊ जंक्शन तक 25 रुपये किराया होगा। एक्सप्रेस ट्रेन से खैराबाद, कमलापुर, सिधौली व अटरिया के लिए 30 रुपये, बक्शी का तालाब का 40 रुपये, मोहिबुल्लापुर, डालीगंज, लखनऊ सिटी, ऐशबाग व लखनऊ जंक्शन तक 45 रुपये निर्धारित किया गया है।