रामपुर मथुरा (सीतापुर)। सरयू नदी का जलस्तर कम होने के बाद भी ग्रामीणों को राहत नहीं मिल पा रही है। शुक्रवार को तटवर्ती किसानों की करीब 17 बीघा जमीन नदी में समा गई। दूसरे दिन भी सरयू नदी का जलस्तर 10 सेंटीमीटर कम होकर 117.80 मीटर दर्ज किया गया।
शुकुलपुरवा के मजरा भूषणपुरवा व सुंदरपुरवा में कटान होती रही। लोधनपुरवा में जगतराम व संतोष का घर सरयू नदी में समा गया। सरयू की धारा में पंचम, रामबली, कन्हाई, सियाराम, कुन्नू, नरेश आदि के करीब 17 बीघा खेत नदी में समा गए।
राहत सामग्री पहुंचाने के लिए टीमों को कटान पीड़ितों तक पहुंचने में सरयू नदी के दो नाले पार करने पड़ते हैं। कटान पीड़ितों को दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ितों ने बताया कि पांच दिन पूर्व जो राशन किट वितरित की गई थी, वह नाकाफी है। जिन परिवारों में ज्यादा सदस्य हैं उन्हें दिक्कत हो रही है।