मुंडन संस्कार से वापस लौटते समय हुआ हादसा
सरैंया (सीतापुर)। सदरपुर थाना इलाके में शुक्रवार देर शाम को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें 27 लोग सवार थे। इस हादसे में दो लोगों की ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर मौत हो गई। जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। सभी लोग मुंडन संस्कार से घर लौट रहे थे।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आननफानन घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां पर उनका इलाज चल रहा है। सदरपुर के सुल्तानापुर निवासी सीताराम अपने बेटे अनुपम (1) का मुंडन कराने सरायं मेला थाना रामपुर कला गए थे।
ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस आते समय देर रात साढ़े आठ बजे अकबापुर-हुल्लादास मार्ग पर मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इस हादसे में रामबली (20) पुत्र अंबिका और शोभा (25) पुत्र मेवालाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सीताराम, होलीराम, चमेली, संदीप, राधा, दुर्गा, रिंकी, विनीता, गौरी, मीना देवी सहित करीब 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तहसील व पुलिस प्रशासन को दी। हादसे की खबर पाकर एसडीएम महमूदाबाद संतोष कुमार व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और वहां पर राहत कार्य शुरू किया। साथ ही आननफानन घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां पर उनका इलाज चल रहा है।