वैन की टक्कर से बालक घायल
सीतापुर/रेउसा। शहर कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे में दूधिये की मौत हो गई। दूधिया साइकिल समेत एक टाटा मैजिक व डीसीएम के बीच फंस गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दूसरी तरफ रेउसा थाना क्षेत्र में वैन की टक्कर से एक साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
रामकोट के ग्राम दारा नगर निवासी तोताराम (65) दूध बेचकर घर का खर्च चलाता था। गुरुवार सुबह वह दूध लेकर साइकिल से घर से जिला मुख्यालय आ रहा था। रास्ते में शहर के निकट बाईपास पर टाटा मैजिक व डीसीएम के बीच तोताराम की साइकिल फंस गई।
इससे तोताराम गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय नागरिक उसे लेकर जिला अस्पताल भागे। लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर रेउसा के ग्राम मुगलपुरवा निवासी फिरोज का पुत्र साहिबे (10) गांव के निकट पैदल ही कहीं जा रहा था।
इसी बीच सीतापुर-बहराइच मार्ग पर गुजर रही एक वैन ने उसे टक्कर मार दी। इससे बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवारीजनों ने उसे कस्बे की सीएचसी में भर्ती कराया है।