साल के अंत तक होगा ट्रेनों का संचालन
पूर्वोत्तर रेलवे के चीफ इंजीनियर ने आमान परिवर्तन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया
सिधौली (सीतापुर)। पूर्वोत्तर रेलवे के चीफ इंजीनियर ने शुक्रवार को नगर के रेलवे स्टेशन का दौरा किया। आमान परिवर्तन के कार्य की प्रगति के अलावा उन्होंने स्टेशन पर निर्माणाधीन भवनों का जायजा लिया। चीफ इंजीनियर ने काम के अंतिम चरण में होने की बात कही है। वहीं ट्रेनों का संचालन साल के अंत तक शुरू होने की संभावना व्यक्त की है। लखनऊ से मैलानी के बीच इन दिनों आमान परिवर्तन का काम चल रहा है। इस रूट पर मई 2016 से ट्रेनों का संचालन बंद हो गया था। जिसके बाद छोटी लाइन को बड़ी लाइन में परिवर्तित करने का काम चालू किया गया। रेलवे की ओर से पहले मार्च 2017 तक ट्रेनों का संचालन शुरू करने की बात कही गई। फिर मई बाद में सितंबर 2017 तक ट्रेनें चलने का भरोसा दिलाया। शुक्रवार को यहां आमान परिवर्तन के कार्य की प्रगति का जायजा लेने पहुंचे पूर्वोत्तर रेलवे के चीफ इंजीनियर पीडी शर्मा ने अब इस रूट पर साल अंत तक ट्रेनें चलने की संभावना व्यक्त की है। चीफ इंजीनियर ने यहां निर्माणाधीन रेलवे ट्रैक, स्विच रूम, टिकट काउंटर, पैनल बोर्ड रूम, प्रसाधन आदि का जायजा लिया और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि आमान परिवर्तन का कार्य अंतिम चरण में है। जल्द ही काम पूरा होने के बाद ट्रायल की कवायद शुरू होगी। हालांकि ट्रेनों के संचालन पर उन्होंने कहा कि इसमें थोड़ा समय लगेगा। साल के अंत तक संचालन शुरू होने की संभावना है।
उजाड़े नहीं जाएंगे रेलवे दुकानदार
चीफ इंजीनियर से यहां के रेलवे दुकानदारों ने मुलाकात कर अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इस पर उन्होंने मसले का हल निकालने व दुकानदारों को उजाड़े न जाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया आप लोगों को रोजगार के लिए रेलवे की खाली पड़ी जमीन के उपयोग पर विचार किया जा रहा है। यहां रेलवे की 114 दुकानें हैं। हाईवे चौड़ीकरण व आमान परिवर्तन के पेंच में फंसकर इन दुकानों के ध्वस्त करने की नौबत आ गई है। रेलवे ने सभी दुकानदारों को नोटिस भी जारी कर दी। रोजगार छिन जाने के डर से रेलवे दुकानदारों ने विभागीय अफसरों, सांसद व रेलमंत्री तक से गुहार लगा चुके हैं।