पिसावां (सीतापुर)। दुल्हन के पिता ने किसी बात को लेकर नशे में हंगामा करते हुए बेटी की शादी करने से इन्कार कर दिया। बारात को खदेड़ दिया। बाराती बिना खाने खाए रात भर खेतों में पड़े रहे। बारातियों ने 100 नंबर पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता कराया। पुलिस की मौजूदगी में शादी की रस्में पूरी कराई गईं।
थाना क्षेत्र के रमखेरा निवासी नीरज की बेटी राधा की बुधवार को शादी थी। जिला हरदाई के पिहानी अंतर्गत बखरिया से बारात आई थी। बारात का स्वागत करने के बाद शादी की रस्में निभाई जाने लगीं। द्वारपूजन तक खुशनुमा माहौल में रस्में होती रहीं। अचानक दुल्हन के पिता नीरज ने नशे में हंगामा शुरू कर दिया।
अफरातफरी के बीच दुल्हन के पिता ने शादी करने से इंकार करते हुए बारातियों को खदेड़ दिया। बाराती खाना खाए बिना रात भर खेतों में पड़े रहे। इसी बीच किसी ने 100 नंबर पर मामले की सूचना दी। गुरुवार सुबह एसआई आदेश दत्त भट्ट पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और दोनों पक्षों में सुलह कराई।
महज नशे में हंगामा करने वाले दुल्हन का पिता भी नशा उतरने पर शादी के लिए तैयार हो गया। इसके बाद पुलिस को मौजूदगी में शादी की सभी रस्में संपन्न कराई गईं।