कोतवाली क्षेत्र में शेखपुर-बिलौली पुल से बुधवार को एक युवक ने शारदा सहायक नहर में छलांग लगा दी। यह देख राहगीर वाहन छोड़कर दौड़ पड़े पर जब तक रस्सी का इंतजाम करते, युवक डूब चुका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू करा दी है।
सदरपुर थाना व कस्बा निवासी श्याम प्रकाश (24) पुत्र वेद प्रकाश बुधवार की सुबह घर से निकला था। बाइक से वह शेखपुर-बिलौली के पास शारदा सहायक नहर पुल पर पहुंच गया। वहां उसने बाइक खड़ी कर दी और सीट पर मोबाइल रखकर अचानक नहर में छलांग लगा दी।
आसपास से गुजर रहे लोग युवक को नहर में कूदता देख सकते में आ गए। राहगीरों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुला लिया। आननफानन में बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और रस्सियां लाकर युवक को निकालने का प्रयास करने लगे लेकिन उसे सकुशल बचाते इससे पहले युवक पानी में डूब गया।
मोबाइल से नंबर निकालकर राहगीरों ने घटना की जानकारी उसके परिवारीजनों व पुलिस को दी। सूचना मिलते ही महमूदाबाद से डायल 100 के साथ कोतवाल अरुण द्विवेदी मौके पर पहुंचे और मुआयना किया। कोतवाल ने बताया कि ग्रामीण गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कराई जा रही है।