बिसवां (सीतापुर)। लखनऊ से 306 गैस सिलेंडर लेकर बिसवां के लिए रवाना हुए एक ट्रक को बदमाशों ने लूट लिया। लिफ्ट मांगकर ट्रक पर सवार हुए बदमाशों ने पहले स्प्रे से चालक को बेहोश किया फिर बंधक बना लिया।
बिसवां-सदरपुर मार्ग पर शारदा सहायक नहर के किनारे चालक को उसे फेंक दिया और ट्रक लेकर चले गए। होश में आने पर चालक ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
एएसपी, सीओ, कोतवाली प्रभारी और क्राइम ब्रांच ने चालक के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने दो बदमाशों के खिलाफ लूट का केस दर्ज किया है।
बाराबंकी जिले के थाना दरियाबाद अंतर्गत खत्रीपुर निवासी जंगबहादुर ट्रक चालक है। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे लखनऊ के अमौसी से वह ट्रक पर 306 गैस सिलेंडर लादकर बिसवां के लिए निकला था।
कुछ दूर चलने पर दुबग्गा नहर के पास दो लोगों ने लिफ्ट मांगी। इस पर चालक ने ट्रक रोकर उन्हें बिठा लिया। बख्सी का तालाब से आगे निकलते ही बदमाशों ने किसी बहाने से ट्रक रुकवाया।
ट्रक रुकते ही एक बदमाश ने चालक पर स्प्रे डालकर बेहोश कर दिया। इसके बाद चालक को बंधक बनाते हुए एक बदमाश ने ड्राइविंग सीट संभाल ली।
पीड़ित के मुताबिक बेहोशी की हालत के बाद भी रास्ते भर बदमाश उसकी पिटाई करते रहे। बिसवां-सदरपुर मार्ग पर भिनैनी गांव के करीब शारदा सहायक नहर पटरी पर बदमाशों ने चालक को फेंक दिया।
इसके बाद ट्रक लेकर चले गए। कुछ देर बाद चालक को जब होश में आया तब उसने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी। गैस सिलेंडरों समेत ट्रक लूट की वारदात से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
एएसपी मधुबन सिंह, सीओ समर बहादुर सिंह, उदय प्रताप सिंह, कोतवाली प्रभारी ओपी तिवारी, थानाध्यक्ष रेउसा नोवेन्द्र सिंह सिरोही, सदरपुर थानाध्यक्ष दिनेश सिंह और क्राइम ब्रांच प्रभारी सुधीर कुमार त्यागी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने चालक की तहरीर पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर लिया है।
बाराबंकी से खाली ट्रक बरामद
बाराबंकी के थाना फत्तेपुर अंतर्गत बीबीपुर गांव के करीब मंगलवार शाम लूटा गया ट्रक बरामद कर लिया गया है। ट्रक से सारे गैर सिलेंडर गायब थे। खबर पाकर बिसवां पुलिस ट्रक लाने के लिए बाराबंकी रवाना हो गई है।
लिफ्ट मांगकर ट्रक में सवार हुए दो बदमाशों ने चालक को स्प्रे से बेहोश कर 306 गैस सिलेंडरों समेत ट्रक लूट लिया। खाली ट्रक बाराबंकी से बरामद कर लिया गया है। बदमाशों के विरुद्ध लूट का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
- समर बहादुर सिंह, सीओ बिसवां