रामपुर कलां (सीतापुर)। मलेथू रजबहा से निकली नहर सोमवार रात को रामपुर गांव के पास कट गई। इससे क्षेत्र के कई गांवों के किसानों की 30 बीघा मेंथा सहित अन्य फसलें जलमग्न हो गई।
ग्रामीणों ने नहर विभाग को खबर दी पर कोई जिम्मेदार नहीं पहुंचा। मंगलवार सुबह नहर विभाग के पहुंचे एक कर्मचारी ने ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त नहर की पटरी को दुरुस्त कराया।
विकासखंड पहला में मलेथू रजबहा से नहर निकली गई। इस नहर से रामपुर, फरीदपुर, बरईखेडा आदि गांवों के किसान फसलों की सिंचाई करते हैं। सोमवार को विकासखंड पहला के रामपुर के पास नहर अचानक कट गई।
जिस कारण क्षेत्र के रामपुर, फरीदपुर, बरईखेड़ा आदि गांवों के किसानों की करीब तीस बीघा मेंथा फसल तथा धान की पौधे जलमग्न हो गई। मेंथा फसल एवं धान की पौध को नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि नहर कटने की जानकारी पाकर लोगों ने अवर अभियंता को इसकी सूचना दी थी। पर रात के समय कोई भी कर्मचारी नहीं आया।
सुबह एक लेबर लेकर किसी अन्य व्यक्ति के साथ नहर बंधवाने आया था, तब गांव वालों के सहयोग से क्षतिग्रस्त नहर को दुरुस्त किया गया।
नहर विभाग के अवर अभियंता राम नरायन सिंह ने बताया कि क्षतिग्रस्त नहर की मरम्मत के लिए विभाग के पास कोई बजट नहीं है, फिर भी एक लेबर भेजकर मरम्मत करा दी गई है।