हरगांव/ रेउसा (सीतापुर)। जिले में शहर से गांव तक छुट्टा मवेशियों का आतंक है। रोजाना इनके हमले से कोई न कोई घायल हो रहा है। रविवार सुबह एक सांड ने बुजुर्ग पर हमला बोल दिया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
उधर, रेउसा थाना क्षेत्र में चार दिन पहले सांड ने हमला कर एक बुजुर्ग को घायल कर दिया था। रविवार को उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
हरगांव थाना इलाके के मूड़ीखेड़ा गांव निवासी वेदनाथ (55) रविवार सुबह टहलने निकले थे। तभी एक सांड ने उन पर हमला कर दिया। यह देख आसपास के ग्रामीण दौड़े।
ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से किसी तरह सांड को भगाया, लेकिन तब तक वेदनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। आननफानन में परिवारीजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरगांव पहुंचाया, जहां पर उनकी नाजुक हालत देखकर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
रास्ते में वेदनाथ की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। रेउसा प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम ठकुरनपुरवा मजरा भदमरा निवासी नंदराम (55) बीते गुरुवार को गन्ने की फसल की गुड़ाई कर रहा था।
अचानक एक सांड ने उन पर हमला कर बोल दिया। जिससे नंदराम गम्भीर रूप से जख्मी हो गए। परिवारीजन ने उन्हें रेउसा में प्राइवेट क्लीनिक पर दिखाया था। नाजुक हालत देख डॉक्टर रामरतन वर्मा ने लखनऊ रेफर कर दिया।
परिजन उसे लखनऊ ले गए, जहां पर निजी अस्पताल में इलाज के दौरान नंदराम ने दम तोड़ दिया। बिना पुलिस सूचना के परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। थानाध्यक्ष विनोद मिश्रा ने बताया कि ऐसी कोई सूचना या तहरीर नहीं मिली। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए संबंधित अफसरों को निर्देश दिए जा चुके है। पशुओं को पकड़कर पशु आश्रय स्थलों में भेजा जाएगा।
- विनय पाठक, एडीएम