सीतापुर। आमान परिवर्तन के बाद सीतापुर जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर अब मुसाफिर आसानी से जा सकेंगे। इसके लिए नया फुट ब्रिज बनेगा। रेलवे ने काम शुरू कर दिया है। जल्द ही यात्रियों को सुविधाएं मिलने लगेंगी।
सीतापुर कैंट रेलवे स्टेशन पहले उत्तर रेलवे मुरादाबाद डिवीजन में आता था, लेकिन अब इस स्टेशन को पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ में मर्ज कर दिया गया है। इस स्टेशन का नाम बदलकर सीतापुर जंक्शन कर दिया गया है।
आमान परिवर्तन के बाद इस स्टेशन पर पांच प्लेटफार्म हो गए है। इन प्लेटफार्म पर पहुंचने के लिए दोनों तरफ फुट ब्रिज बनाए गए हैं। दो नंबर प्लेटफार्म पर पहुंचने के लिए एक तरफ फुट ब्रिज बना था, लेकिन दूसरी ओर सुविधा नहीं थी।
जिस कारण यात्रियों को इस प्लेटफार्म पर आने-जाने में दिक्कतें उठानी पड़ती थी। इसे देखते हुए रेलवे ने प्लेटफार्म दो पर पहुंचने के लिए नया फुट ब्रिज बनाने का फैसला लिया। इस पर रेलवे ने काम भी शुरू कर दिया है।
सीतापुर जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक एके शुक्ला ने बताया कि प्लेटफार्म दो पर पहुंचने के लिए एक तरफ फुट ब्रिज बना था, लेकिन दूसरी तरह सुविधा नहीं थी। इसे लेकर रेलवे महाप्रबंधक व रेल प्रबंधक से वार्ता की गई थी।
इस पर यहां के सेकेंड प्लेटफार्म पर यात्रियों को सुविधा देने के लिए नया फुट ब्रिज बनाने को मंजूरी मिली थी। आदेश पर इस प्लेटफार्म पर फुट ब्रिज निर्माण का काम भी शुरू करा दिया गया है।
जल्द ही फुट ब्रिज बनकर तैयार हो जाएगा। इससे यात्रियों को सेकेंड प्लेटफार्म पर आने-जाने की सुविधा मिल जाएगी।