बिसवां/ महमूदाबाद (सीतापुर)। जिले के अलग-अलग कोतवाली इलाकों में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। एक अन्य जख्मी हो गया। सीएचसी बिसवां में घायल की नाजुक हालत देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ये हादसे बिसवां और महमूदाबाद कोतवाली इलाकों में हुए।
बिसवां प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बुढनापुर निवासी कामरान उर्फ मन्ना (22) साइकिल से बिसवां आ रहा था।
जब वह लहरपुर मार्ग पर मधवापुर चौराहे के पास पहुंचा, तभी एक अनियंत्रित पिकअप ने साइकिल में टक्कर मार दी। इसके बाद बाइक से जा रहे चंदन महमूदपुर गांव के ललित कुमार वर्मा (20) व सिपाही दशरथ यादव की भी बाइक में टक्कर मार कर आगे निकल गई।
हादसे में कामरान की मौत हो गई, जबकि ललित जख्मी हो गया। उसको सदर अस्पताल भेजा गया। हादसे में सिपाही दशरथ बालबाल बच गया, लेकिन उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद लोगों ने पिकअप को मय चालक सहित पकड़ लिया।
महमूदाबाद प्रतिनिधि के अनुसार सदरपुर-बिसवां मार्ग कंचनपुर मंदिर के पुजारी के साथ कार से कंचनपुर का ही निवासी राजेश कुमार (33) सरैयां बाजार से घर वापस जा रहे थे। तभी शारदा नहर के मुशैदाबाद पुल के पास किसी वाहन ने सामने से कार में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी। जिसमें राजेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। साथी को मृत देखकर चालक डर के भाग निकला। पुलिस ने किसी तरह राजेश को गाड़ी से बाहर निकाला। थानाध्यक्ष धर्मराज उपाध्याय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को थाने लाया गया है। मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।