झरेखापुर/संदना (सीतापुर)। जिले के अलग-अलग स्थानों पर मंगलवार को हुए अग्निकांड में 14 घर जलकर राख हो गए। ये अग्निकांड शहर कोतवाली और संदना थाना इलाके में हुए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे दमकल कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दोनों अग्निकांड में करीब दस लाख की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई।
शहर कोतवाली इलाके के बडागांव निवासी सतीश के घर मे खाना बनाने के बाद अचानक आग लग गई। आग लपटें तेज हो गई। विकराल आग ने पूरा घर अपनी चपेट में ले लिया। परिवारीजन व आसपास के लोगों ने शोर मचाया। शोरगुल सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।
पर तेज हवा के झोंकों ने एक-एक करके पड़ोस के सात और घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में सतीश के घर में करीब 40 हजार की गृहस्थी राख हो गई। आग की चपेट में आए गीता देवी का जेवर कपड़े सहित पचास हजार की गृहस्थी जल गई।
ग्रामीणों और अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों ने तहसील के राजस्व विभाग को भी अग्निकांड की सूचना दी है।
उधर, संदना थाना क्षेत्र के ककरघटा गांव में मंगलवार करीब तीन बजे गांव के ही राम भरोसे के घर में एकाएक आग लग गई। इस अग्निकांड में राम भरोसे, बालकराम, रामशंकर, चरंजू, भूरा आदि के घर आग की लपटों में जलकर राख हो गए।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। करीब पांच लाख का नुकसान की आशंका है।