सीतापुर। शहर के कांशीराम कॉलोनी के लोग मंगलवार को पानी की किल्लत से दिनभर जूझते रहे। आवासीय कॉलोनी में लगा एक मात्र ट्यूबवेल का मोटर सोमवार को फेल हो गया।
जिस कारण यहां के विभिन्न ब्लॉकों में पानी की सप्लाई बंद हो गई। जब लोगों को पानी नहीं मिला तो हाहाकार मच गया। यहां के लोगों ने पालिका व प्रशासन को इसकी जानकारी दी।
नगर पालिका ने पानी का टैंकर भिजवाए, मगर यह जरूरतें पूरी करने में नाकाफी साबित हुए। पेयजल समस्या से करीब दो हजार की आबादी प्रभावित हुई।
चुंगी चौकी के आगे कांशीराम कॉलोनी है। इस कॉलोनी में एक ट्यूबवेल है। वहीं पानी की टंकी बनी हुई है। इसके जरिए यहां के बाशिदों की जरूरतें पूरी की जाती है। सोमवार शाम को मोटर खराब हो गया है।
मंगलवार को पानी का संकट खड़ा हो गया। सुबह से ही मोहल्ले में पानी को लेकर हाहाकार मच गया। नगर पालिका ने पानी का एक टैंकर भिजवाया। इसको देखते ही पानी लेने वालों की भीड़ एकत्र हो गई।
कुछ ही देर में टैंकर खाली हो गया। दोपहर में एक टैंकर फिर आया। इस पर भी लाइन लगी रही। पानी के चक्कर में कोई ठेलिया से ड्रम लेकर आया तो किसी परिवार के बच्चे कई बाल्टी लेकर पानी इकट्ठा करने का इंतजाम करते रहे।
लोग बोले - जिम्मेदार समस्या को लेकर गंभीर नहीं
गुफरान का कहना है कि यहां पर केवल एक ही मोटर है। अगर दो मोटर लगा दिए जाए तो आकस्मिक सुविधा मिलती रहेगी। पूरा दिन पानी के इंतजाम में ही निकल गया।
शाहिद ने बताया कि पानी की समस्या अक्सर खड़ी हो जाती है। लेकिन जिम्मेदारों को समस्या दिखाई नहीं पड़ती है। राजेश ने बताया कि नगर पालिका लापरवाह है। दो दिन बीत गए है, लेकिन अभी तक मोटर सही नहीं हो सकी है।
तीन मंजिल पर पानी चढ़ाने में दिक्कत
कांशीराम कॉलोनी में कोई तीसरी व चौथी मंजिल पर रह रहा है तो उसको अपने फ्लैट तक पानी पहुंचाने के लिए समस्या आ रही है।
पानी को चढ़ाने के लिए पूरा परिवार ही नीचे उतर आया। कोई बॉल्टी तो कोई केन के जरिये ऊपर तक पानी पहुंचाया। शाम को फिर से यही कहानी दोहराई गई।